मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में यातायात समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मनाली शहर के अलावा आसपास के पर्यटन स्थलों पर पार्किंग की सुविधा मुहैया करवाने के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं।
प्रशासन ने मनाली शहर के अलावा हिडिंबा मंदिर और वशिष्ठ में पार्किंग बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। पार्किंग बनने से इन स्थलों में अक्सर पैदा होने वाली यातायात जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर की अगुवाई में हाल ही ही नगर परिषद, लोनिवि और वन विभाग की संयुक्त टीम ने इन स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हिडिंबा मंदिर में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के पास, डीपीएस स्कूल के नजदीक, वशिष्ठ और मनाली बाजार में लगभग आधा दर्जन स्थान पार्किंग के लिए चिह्नित किए गए हैं। इन स्थलों पर पार्किंग बनने के बाद लगभग 500 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। गौरतलब है कि पर्यटन नगरी मनाली में पार्किंग का अभाव है। मनाली शहर के अलावा आसपास के पर्यटन स्थलों में वाहनों को खड़ा करने की जगह नहीं है। वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया जाता है। इससे वाहनों के जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। कई बार गांव में बीमार होने पर लोगों को अस्पताल पहुंचाना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की अधिक आवश्यकता है। संवाद
बड़े वाहनों के जाने से लग रहा जाम
पर्यटन नगरी मनाली के हिडिंबा मंदिर मार्ग, ओल्ड मनाली आदि स्थलों में अक्सर यातायात जाम की समस्या रहती है। इन मार्गों पर टैंपो ट्रेवलर और अन्य बड़े वाहनों के प्रवेश से यह समस्या अधिक रहती है। बड़े वाहनों के संकरी सड़कों पर आने से पर्यटक घंटों तक जाम में फंस जाते हैं। ऐसे में इन मार्गों को चौड़ा किया जाना चाहिए या फिर बड़े वाहनों के प्रवेश के लिए समय सीमा निर्धारित की जानी चाहिए।
पार्किंग के लिए हिडिंबा मंदिर, वशिष्ठ और मनाली बाजार में करीब आधा दर्जन नए स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन स्थलों पर पार्किंग बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जा रहा है। सभी स्थानों पर इको टूरिज्म के तहत पार्किंग स्थल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
-डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम