बोले- प्राइमरी स्कूल फलाण-दो में एक साल से प्रभावित हो रही है बच्चों की पढ़ाई
कहा- कई बार सरकार और अधिकारियों से मामला उठाने पर भी नहीं हो रहा कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शिक्षा खंड कुल्लू-दो के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय फलाण-दो की शिक्षिका एक साल से प्रतिनियुक्ति पर हैं। वह प्रतिनियुक्ति पर दूसरे विद्यालय में पढ़ा रही हैं।
इस वजह से दुर्गम क्षेत्र के विद्यालय में अध्ययनरत 24 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षिका के प्रतिनियुक्ति पर होने से एक ही शिक्षक विद्यालय में सेवारत हैं। अभिभावक कई बार प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समक्ष मामला उठा चुके हैं लेकिन समस्या जस की तस है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय फलाण-दो में शिक्षिका ने सितंबर 2024 में ज्वाइन किया था। तीन माह बाद दिसंबर से प्रतिनियुक्ति पर हैं। विद्यालय में नियमानुसार दो शिक्षक तैनात हैं जबकि मौके पर एक ही शिक्षक नौनिहालों को एक साल से पढ़ा रहे हैं। पांच कक्षाओं के 24 विद्यार्थियों को एक साथ पढ़ाना एक शिक्षक के लिए भी परेशानी है। इससे बच्चों की पढ़ाई पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इस संबंध में गुणवत्ता एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि मामला उनके ध्यान में नहीं है। इसकी रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी से ली जाएगी।
शिक्षा विभाग ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय फलाण-दो में दो शिक्षकों की नियुक्ति की है। इनमें एक शिक्षिका एक साल से प्रतिनियुक्ति पर दूसरे विद्यालय में सेवाएं दे रहीं हैं। फलाण-दो विद्यालय के बच्चों को पढ़ाई में दिक्कतें हो रही हैं। -गोपाल, एसएमसी सदस्य
सरकार के प्रतिनिधियों और प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कई बार इस मामले को उठाया है लेकिन न सरकार और न ही विभाग समस्या हल करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इससे बच्चों का भविष्य खतरे में है। -सुरजीत कुमार, एसएमसी अध्यक्ष
राजकीय प्राथमिक विद्यालय फलाण-दो में दो शिक्षकों की भर्ती की गई है। इनमें एक प्रतिनियुक्ति पर हैं। प्रतिनियुक्ति पर गईं शिक्षिका को उसी विद्यालय में स्थायी नियुक्ति दी जाए। फलाण-दो में अन्य शिक्षक को तैनात किया जाए। - रेशमा देवी, प्रधान ग्राम पंचायत फलाण-दो