रोहतांग दर्रा पर बर्फबारी के बाद मढ़ी में कुछ यू दिखा बर्फ के बीच से हटाई गई सड़क का नजारा।-संव
समयसारिणी जारी, दारचा से 10 और कोकसर से सुबह 9 बजे भेजे जाएंगे वाहन
घाटी में पड़ने वाली भारी ठंड और ब्लैक आइस जमने के कारण लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। जिले की दो मुख्य सड़कों पर अब फोर बाई फोर वाहन ही चलेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने समयसारिणी भी तय की है।
समुद्र तल से 16 हजार फीट की ऊंचाई नी गुजरने वाली सड़कों पर ब्लैक आइस जमने और भारी ठंड के चलते जिला प्रशासन ने शुक्रवार से दारचा से शिंकुला दर्रा और ग्रांफू से काजा जाने वाले पर्यटकों और आम जनता के लिए समयसारिणी निर्धारित की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सूचना जारी कर कहा कि सात नवंबर से आगामी आदेश तक दारचा से शिंकुला के लिए सुबह 10 से शाम 3 बजे तक वाहन भेजे जाएंगे। अटल टनल से होकर कोकसर से वाया ग्रांफू-रोसर वाया कुंजम दर्रा जाने वाले यात्रियों को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक ही कोकसर चौकी से भेजा जाएगा।
दोनों गंतव्य के लिए प्रशासन ने केवल फोर बाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई है। दूसरे सामान्य वाहन कोकसर और ग्रांफू तक ही जा सकेंगे। मनाली-लेह मार्ग पर केलांग होकर दारचा तक ही जाने की अनुमति है। डीडीएमए की अध्यक्ष एवं उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि घाटी में मौसम साफ होने पर सुबह और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। कई स्थानों पर पानी जमने से ब्लैक आइसिंग से सड़क फिसलन भरी हो रही है। ऐसे में वाहन चालकों को मुश्किल हो सकती है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक उपरोक्त बताए गए स्थानों पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें।
यात्रा करते समय साथ रखें स्नो चेन और बेलचा
उपायुक्त किरण भड़ाना ने वाहन चालकों को यात्रा करते समय स्नो चेन और बेलचा आदि औजार साथ रखने को कहा है। उन्होंने होटल और होमस्टे के संचालक से अपील की है कि उनके यहां रुकने वाले पर्यटकों को भी सही दिशा-निर्देश जारी कर मौसम की स्थिति से अवगत करवाएं। शुक्रवार को दूसरे दिन भी मौसम खुशगवार रहा और कोकसर चेक पोस्ट से पर्यटक वाहनों को ग्रांफू तक छोड़ा गया। ग्रांफू से रोहतांग के लिए केवल फोर बाई फोर वाहनों में पर्यटकों को जाने की इजाजत दी गई।