संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में पहली बार कुल्लू कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। जिला मुख्यालय में सोमवार को कार्निवाल का आगाज हो गया है। इसके चलते जाम की स्थिति भी बन रही है। इससे निपटने के लिए जिला पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसमें
ढालपुर चौक से कॉलेज गेट की ओर आने वाले वाहनों के लिए सड़क वन-वे रहेगी। क्षेत्रीय अस्पताल के पीछे बने निजी अस्पताल के लिए जाने वाली सड़क पर भी पुलिस ने यातायात एक तरफा कर दिया है, जिससे जाम न लगे। जिला पुलिस ने कार्निवाल में 50 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की है, जो शहर की सड़कों पर अपनी ड्यूटी दे रहे हैं।
बता दें कि कुल्लू में पहली बार कार्निवाल का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। इसमें सैलानियों समेत आम जनता की भीड़ भी काफी रहेगी। इससे जाम लग सकता है। ऐसे में लोगों को जाम की समस्या न आए, इसको लेकर जिला पुलिस ने योजना बताई है। ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। हालांकि अभी लोगों को ट्रैफिक प्लान की जानकारी नहीं है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू सागर चंद ने बताया कि ढालपुर चौक से कॉलेज गेट की ओर आने वाले वाहनों के लिए सड़क वन-वे किया है। क्षेत्रीय अस्पताल के पीछे बने निजी अस्पताल जाने वाली सड़क पर यातायात पुलिस ने एक तरफा कर दिया है। पार्किंग के लिए प्रदर्शनी मैदान को चुना गया है। वाहन चालक यहां पर गाड़ियां पार्क कर सकते हैं। अतिरिक्त पुलिस जवान भी तैनात किए गए हैं।
कुल्लू के प्रदर्शनी मैदान में खड़े होंगे वाहन
जिला पुलिस के अनुसार कुल्लू के प्रदर्शनी मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। कार्निवाल का मजा उठाने आ रहे वाहन चालक यहां पर अपने वाहनों को खड़ा कर सकते हैं। हालांकि जिला पुलिस अभी एक अन्य मैदान को पार्किंग के लिए चुन रही है। पुलिस के जवानों को शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिया है, जो ट्रैफिक का जिम्मा संभाले हुए हैं।