कुल्लू। पार्वती घाटी के तहत आने वाले शाट में पुलिस ने किराना की दुकान से एक किलो चरस की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने काउंटर में एक बैग के अंदर इस चरस को छिपाकर रखा था। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास चरस की यह खेप बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात को जरी पुलिस की एक टीम इस क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि किराना की एक दुकान में चरस रखी गई है। पुलिस की टीम किराना की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के पास पहुंची। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया और टालमटोल करने लगा। इसके बाद पुलिस को कुछ शक हुआ। शक के आधार पर तलाशी लेने पर काउंटर के अंदर एक बैग में एक किलो चरस पाई गई। चरस मिलने के बाद यहां हड़कंप मच गया। उधर, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। कहा कि आरोपी की पहचान प्रकाश चंद सूद (68) निवासी गांव शाट, डाकघर जल्लुग्रां, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। आरोपी से कड़ी पूछताछ चल रही है कि उसने यह चरस कहां से लाई थी और इसे किसे बेचा जाना था। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।