संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में ओमिक्रॉन ने दस्तक दी है। इसमें कनाड़ा से कुल्लू लौटे व्यक्ति की रिपोर्ट में ओमिक्रॉन की पुष्टि की गई है। इससे शहरवासियों ने हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य विभाग कुल्लू ने हाल ही में व्यक्ति का सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा था, जहां पर व्यक्ति की रिपोर्ट में ओमिक्रॉन की पुष्टि की गई। मंगलवार को कुल्लू जिले में 126 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 89 संक्रमितों ने कोराना को हराया है। स्वास्थ्य विभाग ने 525 लोगों के सैंपल लिए थे, जिनमें यह सभी पॉजिटिव पाए गए हैं। अब तक जिले में कुल 10679 कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं। सक्रिय केस की संख्या करीब 546 और 160 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। 9944 संक्रमितों ने कोरोना को हराया है। बता दें कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रतिदिन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की दिक्कतें ज्यादा बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग पर भी जोर दिया है। हालांकि कोरोना संक्रमण के मामलों में नियंत्रण पाने के लिए जिला प्रशासन ने कुल्लू जिले में कुछ बंदिशें भी लगाई हैं, लेकिन मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस पर प्रशासन ने भी चिंता जताई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद शर्मा ने पहला ओमिक्रॉन मामला आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के भी 126 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड सैंपलिंग को बढ़ाया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।