कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब मरीजों को ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) करवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल की सरकारी प्रयोगशाला में पांच और रेडक्रॉस की लैब में एक मशीन से मरीजों की हृदय की विद्युत गतिविधि को मापा जाएगा। इससे मरीजों को लाइनों में लगने से अब छुटकारा मिलेगा। अस्पताल में मरीजों की ईसीजी जांच भी तेजी से होगी।
गौरतलब है कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की सरकारी प्रयोगशाला में तीन आधुनिक और दो पुरानी ईसीजी मशीन हैं। ऐसे में चिकित्सक के मरीज को इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम करवाने के परामर्श के बाद उसे निजी प्रयोगशालाओं के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल की सरकारी प्रयोगशाला में ही बिना परेशानी मरीज अपनी ईसीजी जांच करवा सकेंगे। वहीं, अस्पताल में ही रेडक्रॉस सोसायटी कुल्लू भी ईसीजी की सुविधा प्रदान कर रही है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद ने कहा कि अस्पताल में पांच मरीजों की सुविधा के लिए पांच ईसीजी मशीन सरकारी प्रयोगशाला में उपलब्ध हैं। मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में जाने की आवश्यकता नहीं है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू को आईडीबीआई बैंक शाखा गांधीनगर ने तीन आधुनिक ईसीजी मशीनें वितरित की हैं। इससे अस्पताल में मशीनों की संख्या पांच हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने बैंक प्रबंधन को ईसीजी मशीन मुहैया करवाने के लिए आभार जताया है। इस दौरान डॉ. अनु, डॉ. राकेश, सूरज भान शर्मा, बैंक प्रबंधक तेंजिन छोग्याल, सहायक प्रबंधक छेरिंग पलजोर, कर्मी ऋषभ कुमार आदि उपस्थित रहे।