तेगूबेहड़ में 25 करोड़ रुपये से क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण करेगा स्वास्थ्य विभाग
जल्द शुरू होगा बहुमंजिला भवन का निर्माण, जगह कम होने से कुल्लू में नहीं बना केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला में गंभीर बीमारी की चपेट में आने वाले मरीजों के उपचार को अब दूरी बाधा नहीं बनेगी, बल्कि उनका उपचार अब जिले के भीतर ही संभव हो पाएगा।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग भुंतर के साथ लगते तेगूबेहड़ में गंभीर चिकित्सा केंद्र (क्रिटिकल केयर सेंटर) का निर्माण करने जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से इसके निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत बनने वाले इस चिकित्सा केंद्र में बीमार लोगों को बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद जगी है। जल्द विभाग इस केंद्र का निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में है। हालांकि पहले क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू परिक्षेत्र में गंभीर बीमारी चिकित्सा केंद्र का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था लेकिन जगह कम होने के कारण इसे तेगूबेहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास शिफ्ट कर दिया गया है। यहां विभाग के पास सात बीघा जमीन है। दो बीघा भूमि के भीतर इस स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
यह मिलेगी सुविधा
स्वास्थ्य विभाग को मिले 25 करोड़ रुपये से करीब 17 करोड़ की लागत से बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा जबकि करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से इसके भीतर आधुनिक मशीनरियां स्थापित की जाएंगी। इसके भीतर कैंसर, हृदय, ब्रेन हैमरेज, न्यूरो की बीमारी का उपचार किया जाएगा। खास बात यह होगी कि किसी भी दुर्घटना और आपदा की स्थिति में गंभीर रूप से घायलों का उपचार भी इस केंद्र में ही होगा।
मरीज शिमला-चंडीगढ़ नहीं होंगे रेफर
अकसर हादसा या फिर अन्य गंभीर बीमारी की चपेट में आने वाले मरीजों को आईजीएमसी शिमला और पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जाता है लेकिन इस गंभीर चिकित्सा केंद्र बनने के बाद ऐसे मरीजों को रैफर नहीं किया जाएगा और उनका उपचार जिला के भीतर ही इस केंद्र में किया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिल सकेगी।
क्रिटिकल केयर सेंटर बनाने के लिए विभाग के पास 25 करोड़ रुपये का बजट आ गया है। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा जिससे जिले के लोगों के लिए यह सुविधा जल्द मिल सके। - डाॅ. रणजीत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी