जिला प्रशासन ने 300 मीटर सड़क को पार्किंग जोन किया घोषित
दो पहिया से एलएमवी तक पार्किंग की अलग-अलग तय होगी फीस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय की अस्पताल सड़क पर अब वाहन को पार्क करना चालकों के लिए महंगा पड़ेगा। इसके लिए अब फीस चुकानी होगी।
जिला प्रशासन ने ढालपुर चौक से प्रेस क्लब भवन तक करीब 300 मीटर सड़क को पार्किंग स्थल चिह्नित कर दिया है। इस सड़क पर महज अस्पताल के आपातकालीन गेट से पीएनबी के एटीएम तक 20 से 25 मीटर दायरे में निशुल्क पार्किंग रहेगी। इसमें मरीजों के तीमारदारों और एंबुलेंस के लिए निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। हालांकि, ढालपुर चौक से प्रेस क्लब भवन तक 200 से अधिक दो पहिया और एलएमवी वाहन पार्क करने की क्षमता है। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 115 के तहत नए पार्किंग एवं नो-पार्किंग जोन अधिसूचित किए हैं।
अधिसूचित पार्किंग एवं नो पार्किंग क्षेत्रों में ढालपुर चौक से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार तक 30 मीटर क्षेत्र ऑटो-रिक्शा के लिए पेड पार्किंग घोषित किया है। इसमें 12 ऑटो रिक्शा खड़ा करने की क्षमता होगी। एसपी ऑफिस से पशुपालन विभाग के कार्यालय के मुख्य द्वार तक 30 मीटर क्षेत्र दोपहिया वाहनों के लिए आरक्षित किया है। इसकी क्षमता 45 वाहन तय की गई है। पशुपालन कार्यालय से डीसी ऑफिस तक 113 मीटर का क्षेत्र हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) की पेड पार्किंग के रूप में निर्धारित किया है। यहां 25 वाहन पार्क हो सकेंगे। उपायुक्त कार्यालय से पहले मेडिकल स्टोर तक 57 मीटर क्षेत्र में भी एलएमवी के लिए जगह तय की गई है। पार्किंग की क्षमता 12 वाहन है। प्रथम मेडिकल स्टोर से क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार तक 52 मीटर क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है। क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य द्वार से आपातकालीन गेट तक 15 मीटर क्षेत्र में ऑटो रिक्शा के लिए पेड पार्किंग की व्यवस्था की गई है जिसकी क्षमता पांच वाहन है।
आपातकालीन गेट से आगे 105 मीटर में एलएमवी पार्किंग की सुविधा होगी, वहां 23 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पीएनबी एटीएम से अस्पताल के आपातकालीन गेट तक का क्षेत्र आपातकालीन वाहनों के लिए समर्पित निशुल्क पार्किंग घोषित किया गया है ताकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को बाधा न हो। आपातकालीन गेट से प्रेस क्लब कुल्लू तक 25 मीटर स्थान को ऑटो रिक्शा के लिए पेड पार्किंग के रूप में निर्धारित किया गया है। इसमें आठ रिक्शा खड़े किए जा सकेंगे। दो पहिया से एलएमवी तक पार्किंग की अलग-अलग फीस तय की जाएगी।
जनता से मांगे थे सुझाव और आपत्तियां
कुल्लू में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्थापन को सुचारू बनाने के लिए उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट ने मोटर व्हीकल एक्ट में नए पार्किंग एवं नो-पार्किंग जोन अधिसूचित किए हैं। इससे पहले 25 मार्च से 23 अप्रैल तक आम जनता से आपत्तियां एवं सुझाव मांगे गए थे। हालांकि, पेड पार्किंग के लिए क्या शुल्क लिए जाएंगे, यह अभी तय नहीं हो पाया है।