कुल्लू। जिले में पुलिस ने तीन दिनों में लगातार चिट्टा बरामद कर आठ युवक-युवतियों को दबोचा है। कुल्लू पुलिस ने शनिवार को सरवरी बस अड्डे पर एक स्थानीय युवक से 70 ग्राम चिट्टे की खेप बरामद की है।
पुलिस की एसआईयू टीम की ओर से नशे के साथ पकड़े गए युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान प्रवल शर्मा निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। 169 ग्राम चिट्टे के दो अन्य मामलों में गिरफ्तार सात आरोपियों को कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि घाटी में पहुंच रहे नशे को लेकर पुलिस सतर्क है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कुल्लू पुलिस ने भुंतर के जिया में चार युवाओं से एक कार से 52 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसके अलावा जिला मुख्यालय ढालपुर के भुट्टी चौक के पास एक कार से 117 ग्राम चिट्टा की खेप पकड़ी थी। इन दोनों मामलों में पुलिस ने तीन युवतियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।