मनाली (कुल्लू)। हिम आंचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के चुनाव का बिगुल बज गया है। करीब 3,000 सदस्य वाली यूनियन के चुनाव से मनाली में सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को यूनियन के विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। प्रधान समेत यूनियन के चार पदों के लिए 16 उम्मीदवारों ने चुनाव कमेटी के समक्ष अपना-अपना नामांकन भरा। 19 मार्च को इन पदों के लिए मतदान होगा।
नामांकन पत्र दाखिल करते ही उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। एक-एक वाहन मालिक से मुलाकात के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से उम्मीदवार चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं। शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। यूनियन में प्रधान, उपप्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष के लिए चुनाव होगा। सहसचिव और प्रेस सचिव का चयन चुनाव के बाद सर्वसहमति से किया जाएगा।
प्रधान पद के लिए पूर्ण चंद पोहलू, राजकमल राजा, फतेह चंद सिंटू और किरण कुमार किरनू ने नामांकन पत्र भरा है। उपप्रधान के लिए पूर्ण चंद शाहरुख, दुर्गा दास, जबकि महासचिव के लिए किशोरी लाल, मेहर चंद, संदीप ने नामांकन पत्र भरा। कोषाध्यक्ष के लिए नरेश ठाकुर, राम शरण, भूमि प्रकाश, कृष्ण देव, तेज राम, कर्मूदत्त व नीरज ने नामांकन पत्र भरे।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांति पूर्वक संपन्न करवाने के लिए चुनाव कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में प्रेम कारवां, मोहन ठाकुर, कुंज लाल राणा, हरी राम ठाकुर, राजीव करवा, पवन ठाकुर सदस्य बनाए गए हैं। चुनाव कमेटी के सदस्य प्रेम कारवां व मोहन ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्र भरने का अंतिम दिन था। 12 मार्च को नाम वापसी है। उसी दिन चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जाएंगे। 19 मार्च को मतदान होगा।