केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिले में कोरोना के मामलों में अचानक बढ़ोतरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग तेज कर दी है। इधर, जिला प्रशासन ने अवकाश पर गए कर्मचारियों को ड्यूटी ज्वाइन करने से पहले कोरोना टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है।
एक सप्ताह पहले घाटी में कोरोना पॉजिटिव के महज चार मामले थे। अब आंकड़ा 23 पहुंच गया है। वीरवार को लाहौल में कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। डॉ. मनोज कुमार की टीम ने बुधवार को पट्टन घाटी में 34 और वीरवार को तांदीपुल में 20 लोगों के सैंपल लिए हैं। सभी सैंपल को नेरचौक मंडी भेजा गया है। शनिवार तक सैंपल की रिपोर्ट आएगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रणजीत वैद्य ने कहा कि कोरोना के 23 मामले लाहौल में हैं। स्पीति में फिलहाल कोरोना का एक भी मामला नहीं है। जिस तरह घाटी में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, वह चिंताजनक हैं।