ढालपुर मैदान में अंडर-19 छात्र एवं छात्रा वर्ग की शुरू हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता
शॉटपुट में अर्जुन और आरुषी ने दिखाया दम, लंबीकूद में कशिश बनी विजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ढालपुर मैदान में अंडर-19 छात्र एवं छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जीत दर्ज करने के लिए खूब जोर आजमाइश की। पहले दिन सोमवार को छात्र एवं छात्रा वर्ग की 400, 600 मीटर दौड़, शॉटपुट और लंबी कूद प्रतियोगिताएं करवाई गईं। छात्र वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भल्याणी स्कूल के नमन ने प्रथम स्थान हासिल किया। 600 मीटर दौड़ में चंसारी स्कूल के ईशान ने पहला, छात्र विद्यालय कुल्लू के फेरीजुल्मियां ने दूसरा और एसवीएम बजौरा के अंचित ने तीसरा स्थान हासिल किया।
छात्रा वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भल्याणी स्कूल की कशिश प्रथम, इसी विद्यालय की पल्लवी द्वितीय और रायसन स्कूल की स्नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में भल्याणी स्कूल की कशिश ने पहला, खराहल स्कूल की सानवी ने दूसरा और भल्याणी स्कूल की स्वाभिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग के शॉटपुट में डुगीलग स्कूल के अर्जुन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि छात्रा वर्ग में खरगा स्कूल की आरुषि प्रथम रहीं। भल्याणी की प्राची ने द्वितीय और भल्याणी की पल्लवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग की लंबी कूद स्पर्धा में भल्याणी की कशिश ने पहला और डुगीलग की आंचल ने दूसरा स्थान हासिल किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता 16 जुलाई तक चलेगी। इसमें करीब 20 स्कूलों के 200 छात्र-छात्राएं भाग ले रही हैं। संवाद