मनाली नगर परिषद का बजट पारित
- फोटो : अमर उजाला
पर्यटन नगरी मनाली के विकास पर नगर परिषद मनाली 5 करोड़ 32 लाख 37 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर परिषद मनाली की शनिवार को हुई बैठक में ध्वनि मत से बजट पास किया। नगर परिषद की अध्यक्ष शबनम तनवर ने कहा कि 2016-17 का अनुमानित बजट 5 करोड़ 32 लाख 37 हजार रुपये ध्वनि मत से पारित किया गया है।
लोगों की उचित सुविधा प्रदान करने के लिए स्ट्रीट लाइट सामान की खरीद पर 5 लाख, स्ट्रीट लाइट बिजली बिल पर अदायगी 20 लाख, घर-घर से कूड़ा कर्कट उठवाने तथा कचरा संयंत्र के कचरे की छंटाई के लिए 28 लाख, नाले तथा नालियों की सफाई के लिए 10 लाख 70 हजार, कर्मचारियों के स्टाफ क्वाटर के निर्माण पर 13 लाख, कूड़ा-कचरा संयंत्र रांगडी में डंगे आदि के लिए 17 लाख, पार्किंग मरम्मत पर 60 लाख, सड़कों के मरम्मत पर 10 लाख, नाला तथा चैनेलाइजिंग नालियों के निर्माण पर 21 लाख, गौशाला के निर्माण पर 20 लाख, शौचालयों के निर्माण पर 4 लाख खर्च किए जाने का प्रावधान रखा गया है।
शबनम तनवर ने मनाली वासियों से आग्रह किया कि वे समय पर देय कर नगरपालिका में जमा करवाएं जिससे शहर का विकास किया जाए। शहर के लोग शहर को साफ व सुथरा रखने के लिए नगर पालिका का सहयोग करें। हर घर से कूड़ा एकत्रित करने की मुहिम सफलता पूर्वक चल रही है। लोग घरों का कूड़ा बाहर न फेंक कर नप कर्मियों को ही दें। इस दौरान नगर परिषद मनाली के उपाध्यक्ष जोगिंद्र पाल, चमन कपूर, अनिता सूद, सुनीता शर्मा, नीना ठाकुर और मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।