भूतनाथ पुल के पास उतर प्रदेश के लापता युवक की तलाश में गोताखोर व अन्य लोग
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते भूतनाथ पुल के पास 16 जुलाई को सेल्फी लेने नदी किनारे उतरे उत्तर प्रदेश के निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद मोनिस का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। लापता युवक की तलाश के लिए पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया है। मंगलवार को युवक की तलाश के लिए गोताखोर की सहायता ली गई।
भूतनाथ पुल के समीप एवं अन्य जगहों पर लापता युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फर नगर से कुल्लू जिले में काम की तलाश में आया 21 वर्षीय मोहम्मद मोनिस अपने दोस्तों के साथ ब्यास के किनारे सेल्फी ले रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ब्यास में बह गया।
कुछ दूरी तक वह बहता हुआ नजर आया, लेकिन उसके बाद लापता हो गया। लापता युवक के परिजन तलाश में नदी किनारे खाक छान रहे हैं। बीबीएमबी प्रबंधन से आई गोताखोर टीम के प्रबंधक हेमराज ने बताया कि पानी का बहाव तेज है, जिसके चलते लापता युवक को तलाश करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गोताखोर जगह-जगह पर लापता युवक की तलाश कर रहे हैं लेकिन पानी का तेज बहाव बाधा पैदा कर रहा है। संवाद