कुल्लू। लुहरी जल विद्युत परियोजना की प्रभावित पंचायतों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त तोरुल एस रवीश से मिला। माकपा नेता राकेश सिंघा ने प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई की और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
हिमाचल किसान सभा लुहरी जल विद्युत परियोजना प्रभावित कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण राणा ने कहा कि निरमंड तहसील में फसलों को हुए नुकसान की भरपाई का तरीका वर्ष 2011 में बनाई गई नीति के अनुसार चिह्नित किया जाए। परियोजना निर्माण में ब्लास्टिंग से आई दरारों का सर्वे ग्राम पंचायत देहरा में धीमी गति से चला है, अन्य पंचायतों में सर्वे प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाए। परियोजना में स्थानीय नौजवानों को रोजगार पुनर्वास और पुनर्स्थापना नीति के अनुसार मिले। जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण से नित्थर क्षेत्र में तेजी से शहरीकरण हो रहा है, यहां सीवरेज व्यवस्था का प्रावधान किया जाए। शनाह में सतलुज पर पुल का निर्माण किया जाए।
माकपा नेता राकेश सिंघा ने कहा कि इससे पहले शिमला जिले के उपायुक्त से मिलकर परियोजना प्रभावितों की मांगों का निपटारा करने की मांग की है। मंगलवार को उपायुक्त तोरुल एस रवीश से यह मांग की गई है। हम प्रदेश सरकार को समय दे रहे हैं। अगर सरकार ने भी पूर्व सरकार की तरह बात नहीं सुनी तो संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा। उपायुक्त कुल्लू की ओर से मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया गया है। इस दौरान हिमाचल किसान सभा के होतम सौंखला आदि मौजूद रहे। संवाद