220 केवीए क्षमता के सब स्टेशन से शुरू हुई बिजली सप्लाई
लंबे समय से चल रही मांग पूरी होने से मनाली में खुशी की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। मनाली वासियों के लिए अच्छी खबर है। मनाली और साथ लगते ग्रामीण इलाके अब प्रीणी में सीधा ग्रिड से जुड़ गए हैं। वीरवार से नए सब स्टेशन से सप्लाई शुरू हुई है। इससे मनाली में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या नहीं रहेगी। लंबे अरसे से चल रही मांग पूरी होने पर मनाली के लोगों में खुशी की लहर है।
डेढ़ दशक से मनाली के साथ लगते प्रीणी गांव में स्थापित 192 मेगावाट एडी हाइड्रो प्रोजेक्ट से ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ने का सपना मनाली वासी छोड़ चुके थे। वर्ष 2007 में एडी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रीणी ने बिजली का उत्पादन शुरू कर दिया था लेकिन, मनाली को सीधा ग्रिड से जोड़ने का सपना अब पूरा हुआ। एडी की ट्रांसमिशन लाइन के साथ बिजली बोर्ड ने 33केवी की लाइन जोड़ दी है। अब मनाली को प्रीणी में बने 220 केवीए के सब स्टेशन से बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है।
एडी परियोजना के परियोजना प्रभारी पंकज कपूर ने कहा कि अब मनाली इलाका सीधा ग्रिड से जुड़ गया है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता सुनील कालिया ने बताया कि सीधा ग्रिड से जुड़ने पर बिजली की कम वोल्टेज की समस्या नहीं रहेगी। साथ ही सर्दियों में होने वाला नुकसान भी कम होगा। कांग्रेस ने कार्य के पूरा होने पर खुशी जताई है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम ठाकुर, शहरी कांग्रेस मनाली के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, अनिल कुमार जोगी, कैप्टन सुरेश लारजे, महासचिव संतोष कुमार, राकेश सोनी, एमपी सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ठाकुर और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ का आभार जताया है।संवाद