मनाली-लेह मार्ग पर बारालाचा दर्रा पर हो रही हल्की बर्फबारी के बीच विश्व योग दिवस के मौके पर योग
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के रथ मैदान में शुक्रवार को 500 लोगों ने एक साथ योग कर निरोग रहने का संदेश दिया। आयुष विभाग कुल्लू ने ढालपुर में जिला स्तरीय योग दिवस आयोजित किया। इसमें उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश मुख्यातिथि रहीं।
जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं के स्वयंसेवियों समेत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों ने योग क्रियाएं कीं। ढालपुर में उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने जिला स्तरीय योग दिवस का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि साल में एक बार योग न करें, बल्कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और रोजाना योग करते रहें।
इससे शरीर निरोगी रहेगा और स्वास्थ्य में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। कहा कि योग को हमें केवल आज के दिन तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि स्वस्थ जीवन तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना है। मानसिक तथा शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग के विभिन्न आसन तथा प्राणायाम का बहुत महत्व है।
वहीं, कार्यकारी जिला आयुष अधिकारी डॉ. नताशा ठाकुर ने कहा कि ढालपुर समेत दस स्थानों पर योग करवाया गया। इनमें अटल टनल रोहतांग का साउथ पोर्टल, अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली, अंतरराष्ट्रीय रोरिक आर्ट गैलरी नग्गर, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (बबेली), रथ मैदान ढालपुर, राम मंदिर मणिकर्ण, मेला मैदान आनी, स्कूल मैदान सैंज और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंजार शामिल रहे। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार, नेहरु युवा केंद्र के जिला समन्वयक डॉ. लालचंद आदि उपस्थित रहे। संवाद
00