दिल्ली और हरिद्वार के लिए दौड़ेंगी चार वोल्वो बसें
आईएसबीटी से माह बाद बस संचालन की तैयारी
राजीव नैय्यर
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव से पहले बाहरी राज्यों के लिए सवारियों को लग्जरी बस सेवा मिलेगी। परिवहन निगम के कुल्लू डिपो ने दिल्ली और हरिद्वार के लिए वोल्वो बस सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी कर ली है।
अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू (आईएसबीटी) से रोजाना शाम के समय वोल्वो बसें दिल्ली और हरिद्वार के लिए रवाना होंगी। निगम ने 28 सितंबर से वोल्वो बसों को बाहरी राज्यों के लिए कुल्लू से भेजने की योजना बना ली है लेकिन संचालन अभी जिला मंडी और कुल्लू के बीच किरतपुर-मनाली हाईवे की स्थिति और मौसम पर निर्भर करेगा।
गौरतलब है कि 25 अगस्त के बाद से जिले की पर्यटन नगरी मनाली से बाहरी राज्यों के लिए लग्जरी बस सेवा पूर्ण रूप से ठप है। मंडी से मनाली तक किरतपुर-मनाली हाईवे ब्यास नदी में आई बाढ़ और तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कई जगहों पर क्षतिग्रस्त चल रहा है। अब स्थिति कुछ हद तक सामान्य होने पर बसों का संचालन मनाली के बजाय आईएसबीटी कुल्लू से करने की योजना पर काम किया जा रहा है। हालांकि, निगम के बाहरी राज्यों के लिए 11 बस रूट हैं लेकिन पहले दिन दिल्ली और हरिद्वार के लिए चार बसों का भेजा जाएगा। उधर, आईएसबीटी कुल्लू के प्रभारी खूबराम ने कहा कि कुल्लू-मंडी के बीच हाईवे की स्थिति वोल्वो के संचालन के लिए उपयुक्त रहने पर 28 सितंबर को चार बसों को दिल्ली-हरिद्वार के लिए भेजा जाएगा। निगम ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि पहले जिला मंडी से एक माह तक वोल्वो सेवा बाहरी राज्यों के लिए जारी रखी गई है।
100 से अधिक वोल्वो बसों का होता है संचालन
कुल्लू से बाहरी राज्यों के लिए रोजाना 100 से अधिक वोल्वो बसों का संचालन होता है। इनमें परिवहन निगम और निजी बस संचालकों की सेवाएं शामिल हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण किरतपुर-मनाली हाईवे क्षतिग्रस्त होने से एक माह से लग्जरी बस सेवा बंद है। अब सरकारी के साथ निजी बस सेवा दोबारा शुरू होने से सवारियों को राहत मिलेगी।
आईएसबीटी से कब दौड़ेंगी वोल्वो
रूट प्रस्थान का समय
कुल्लू-दिल्ली शाम 05:30, 06:30 और 07:30 बजे
कुल्लू-हरिद्वार शाम 06:00 बजे