कुल्लू के रघुनाथपुर में देवविधि से मनाया जल विहार उत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू के अधिष्ठाता भगवान रघुनाथ के सम्मान में मंगलवार को जल विहार उत्सव देवविधि से मनाया गया। जल विहार उत्सव में भगवान रघुनाथ को सरोवर (पवित्र कुंड) में स्नान करवाया गया। इसके बाद भगवान रघुनाथ की विशेष पूजा-अर्चना हुई। खास यह रहा कि मणिकर्ण घाटी के देवता काली नाग भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
काली नाग कई सालों के बाद वशिष्ठ शाही स्नान के लिए निकले हैं। भगवान रघुनाथ लाव-लश्कर के साथ अपने देवालय से बाहर निकले। पवित्र कुंड जिसमें पानी भरा गया था, उसमें भगवान की पूजा-अर्चना की।
इस नजारे को देखने के लिए काफी अधिक संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जल विहार उत्सव भगवान रघुनाथ मंदिर में देवविधि से मनाया जाता है। भगवान रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने कहा कि काफी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं ने जल विहार उत्सव में शिरकत कर आशीर्वाद लिया है। संवाद