एक सप्ताह से रघुपुरघाटी सहित छतरी और करसोग के लिए बस सेवाएं बंद
लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलकर बेटरीनाला में पकड़नी पड़ रही बस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राणाबाग पर पहाड़ी से हो रहा भूस्खलन लोक निर्माण विभाग के साथ बाह्य सराज की रघुपुरघाटी के साथ करसोग के छतरी के लोगों के लिए चुनौती बन गया है। एक सप्ताह से सड़क यातायात के लिए बंद है।
लोक निर्माण ने एलएनटी मशीन लगाई है। पहाड़ी से बार-बार भूस्खलन हो रहा है। छोटे वाहनों के लिए खुलने के बाद मार्ग फिर बंद हो रहा है। इस रूट पर चलने वाली निगम और निजी बसें एक हफ्ते से बंद हैं। इससे रघुपुर घाटी की बाह्य सराज की सात पंचायतों के साथ सीमांत लगते मंडी जिले के छतरी क्षेत्र का संपर्क भी कट गया है।
नौकरीपेशा, बीमार लोगों के साथ आम लोगों को जरूरी काम के लिए 12 से 15 किलोमीटर तक पैदल चलकर बस के लिए बेटरीनाला पहुंचना पड़ रहा है। सागर दास, तिलक राज, खीम सिंह, टेक सिंह और हेम लाल ने कहा कि क्षेत्र की मुख्य सड़क बंद होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों को सेब की पेटियां मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। राणाबाग में जिस पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है, उस जगह बार-बार मलबा सड़क पर आ रहा है। लोक निर्माण विभाग सड़क को बहाल करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि राणाबाग के साथ राणाबाग से कांडीबाग और लोट सड़क भी जगह-जगह से तहस नहस हो गई है।
रघुपुरघाटी और छतरी-करसोग को जोड़ने वाली सड़क राणाबाग के पास बार-बार बंद हो रही है। यहां विभाग ने मशीन तैनात की है। छोटे वाहनों के साथ सड़क को बसों के लिए खोला जा रहा है। सेब सीजन को देखते हुए सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने का काम जारी है। - मनीष कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग