कुल्लू के कलाकेंद्र में लगवैली छात्र संघ के वार्षिक समारोह के दौरान कार्यक्रम का लुत्फ उठाते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र ढालपुर में कुल्लू कालेज लगवैली छात्र संघ ने अपना वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया। इस समारोह में भाजपा के प्रदेश महासचिव राम सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वार्षिक समारोह में लगवैली के छात्र-छात्राओं सहित लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद छात्र ओम प्रकाश ने धूम धड़ाका म्हारे देशा रा वाणा कुल्लवी गीत को प्रस्तुत कर पंडाल में बैठे दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने शांता लाड़ी आई गे लोड़ी उथड़ी मनाली, सेऊ बागा री पूनीए, रंग बसरे, नीली चिड़िए आदि कुल्लवी गीतों की प्रस्तुति दी।
वहीं छात्र इंद्र ने चौली पौढ़दी तू स्कूला नीलूए मेरी लस्टीए, कलाकार ट्विंकल ने कुल्लू का मशहूर गीत काइथे यारा डाला बाशदा कौआ गीत को पेश कर दर्शकों से खूब वाहवाही लूटी। लोक गायक बलदेव ने भी कुल्लवी, हिंदी गीतों की प्रस्तुत देकर दर्शकों का मन मोहा। छात्र कुनाल सूद, गौरव, सूचना और दयानंद ने भी कुल्लवी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोह लिया। विरेंद्र ठाकुर ने मंच का बखूबी संचालन किया। कार्यक्रम में लगैवली छात्र संगठन के अध्यक्ष हरदयाल, उपाध्यक्ष कमलदेव, सचिव कुबेर सिंह, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी आशीष ठाकुर, संध्या ठाकुर, कौशल्या और अन्य मौजूद रहे।