बाह्य सराज की 15 पंचायतों को मिलेगी कुल्लू आने-जाने की सुविधा
सरवरी बस अड्डा से आठ दिन बाद बस चलने से लोगों में खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बर्फबारी के बाद आठ दिन तक बंद रहे 10280 फीट ऊंचे जलोड़ी दर्रा से बसों की आवाजाही फिर से सामान्य होने लगी है। निगम ने कुल्लू से आनी वाया शुश-शवाड़ बस सेवा फिर से शुरू कर दी है।
जलोड़ी दर्रा और खनेरनाला में ब्लैक आइस जमने से बस का संचालन एचआरटीसी ने एक सप्ताह तक रोक दिया था। बस चलने से कुल्लू-मंडी की 15 पंचायतों को सुविधा मिली है। कुल्लू बस अड्डे से सुबह 10:30 बजे चलने वाली बस ढालपुर, भुंतर, औट, लारजी, बंजार, घियागी, सोझा, जलोड़ी दर्रा, शुश, कोठी, शवाड़, नगान होते हुए आनी तक जाती है। यह रूट एक साल पहले शुरू किया है।
इसमें रघुपुर और जांजा क्षेत्र की फनौटी, लगौटी, टकरासी, करशैईगाड़, मुहान, कराड़, बिशलाधार, रोपा, मुंडदढ़, कोटासेरी, कराणा, कुंगश और खनाग सहित मंडी जिले की दो पंचायतों के लोग सफर करते हैं। पिछले सप्ताह बर्फबारी होने से लोगों को कुल्लू आने के लिए सात से दस किमी दूर माशनूनाला पहुंचकर हाईवे-305 में कुल्लू आने वाली रामपुर, बागासराहन या दलाश की बस लेनी पड़ रही थी। जगदीश चंद, प्रकाश चंद, दीवान सिंह, राजू और टेक सिंह ने कहा कि कुल्लू-आनी वाया शुश बस रघुपुर और जांजा क्षेत्र के लोगोें को सुविधा देती है। बस सेवा शुरू होने पर लोगों ने एचआरटीसी का आभार जताया है।
उधर, कुल्लू बस अड्डा प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि कुल्लू-शुश-आनी बस का संचालन कर दिया है। चालकों को बस को सावधानी से चलाने के निर्देश दिए गए हैं।