कुल्लू में सनातन रक्षा मंच ने किया धरना-प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी
अखाड़ा बाजार से ढालपुर मैदान तक निकाली रैली, ज्ञापन भी भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ सोमवार को कुल्लू में लोग सड़कों पर उतरे। जिला मुख्यालय में सनातन रक्षा मंच कुल्लू की अगुवाई में हिंदू संगठनों ने धरना-प्रदर्शन किया। भारी संख्या में लोगों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अखाड़ा बाजार से ढालपुर मैदान तक रैली भी निकाली गई। प्रदर्शन के बाद उप उच्चायुक्त बांग्लादेश को ज्ञापन भेजा गया।
सनातन रक्षा मंच कुल्लू के सचिव भीम कटोच ने कहा कि मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के गठन के बाद से बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ गई है। बांग्लादेश में आगजनी, लूटपाट और हिंदू मंदिरों और देवताओं को अपवित्र करने की अनेकों घटनाओं से भारत में रहने वाले हिंदू भी आहत हैं। हिंदुओं और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के पीछे बांग्लादेश और पाकिस्तान में प्रचलित चरमपंथी विचारधारा है। बांग्लादेश में चार महीनों से हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। लगातार हो रही हिंसा, अपहरण, बलात्कार, लूटपाट, आगजनी, उत्पीड़न और प्रमुख नागरिकों एवं संतों की गिरफ्तारी से समाज क्षुब्ध एवं आक्रोशित है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार व प्रशासन से आग्रह है कि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को रोका जाए। गलत तरीके से गिरफ्तार किए हिंदू संतों को भी रिहा किया जाए।