रक्षाबंधन के दिन शुरू होगा रघुपुर घाटी के अधिष्ठाता का पारंपरिक मेला
मेले में कुल्लू और मंडी जिलों के लोग बड़ी संख्या में लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रघुपुर घाटी के अधिष्ठाता देवता खुडीजल का 11 दिवसीय पारंपरिक मेला रक्षाबंधन के दिन से शुरू होगा। नौ अगस्त को देवता खुडीजल और खोडू देवता देवालय से निकलेंगे और सौह की परिक्रमा करेंगे।
मेले को लेकर रघुपुर घाटी के साथ मंडी जिले के छतरी क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। लोगों ने सफाई का काम पूरा कर लिया है।
18 अगस्त तक मनाए जाने वाले देवता खुडीजल के मेले में पलेच आकर्षण का केंद्र होगा। इस दौरान देवता अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हैं। मेले में होने वाले पलेच में इस बार बालू गांव के लोग ध्वजारोहण करेंगे। पलेच 13 अगस्त को होगा। 14 को बड़ा और 15 को छोटा मेला होगा। देवता खुडीजल लोगों को 11 दिन तक दर्शन देंगे। इस दौरान लोग देवता के दर्शन करने और पूछ डालने के लिए शिमला और मंडी जिलों से भी पहुंचते हैं।
कारदार शेर सिंह और कायथ पूर्ण शर्मा ने कहा कि देहुरी मेले का शुभारंभ रक्षाबंधन के दिन होता है। विधिवत शुभारंभ 13 अगस्त को पलेच से होगा। उन्होंने कहा कि मेले में रघुपुर घाटी और साथ लगते मंडी जिले से किसी मेहमान देवता के आने की सूचना नहीं है। जो देवता मेले में आएंगे, मंदिर कमेटी उनका स्वागत करती है। मेले में खुडीजल से बारिश न होने की भी कामना की जाएगी। बता दें कि पिछले साल मेले में देवता टकरासी नाग और मंडी जिले के छतरी क्षेत्र के देवता चपलांदू नाग शामिल हुए थे।