भुंतर थाना के अंतर्गत शाढ़ाबाई क्षेत्र में एक बंद मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और क
भुंतर (कुल्लू)। जिले के भुंतर थाना के शाढ़ाबाई क्षेत्र में एक मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान चोरी हो गया है। शातिर वारदात को अंजाम देने के साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। भुंतर पुलिस ने अज्ञात शातिरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनीता बोध निवासी बंजर कलैहली ने कहा कि वह पिछले करीब दो सप्ताह से अपनी बेटी के साथ मनाली स्थित अपने दूसरे घर में रह रही थीं। शाढ़ाबाई स्थित घर की साफ-सफाई के लिए उन्होंने निशा नाम की महिला रखी है। बुधवार सुबह जब निशा सफाई के लिए आई, तो उसने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। उसने तुरंत सूचना मकान मालकिन को दी। वह मौके पर पहुंचे तो घर के कमरों का सामान बिखरा पड़ा था।
शातिरों ने धरातल मंजिल के एक कमरे की अलमारी तोड़कर उसमें रखा सोने का लोकेट, एक सोने की अंगूठी, चांदी के चार सेट और चांदी के झुमके चोरी पाए गए। इसके अलावा शातिर दूसरे कमरे से उनकी बेटी का मोबाइल फोन और कॉस्मेटिक का सामान भी उड़ा ले गए। लाखों रुपये की चोरी से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। मौके पर पहुंची भुंतर पुलिस टीम ने निरीक्षण किया। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही शातिर सलाखों के पीछे होंगे। संवाद