बंजार के तीर्थन में इन दिनों पर्यटको की आमद बढ़ गई है। बंजार के तीर्थन में लगा पर्यटक वाहनो का
बंजार/गुशैणी (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 को बेहतर बनाने के लिए टारिंग कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि सड़क की मरम्मत और टारिंग के चलते स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और जाम की स्थिति बन रही है। सोमवार को सिधवां से बालीचौकी की ओर हाईवे पर टारिंग कार्य किया गया। इसके चलते दोपहर के समय सिधवां से बंजार बस अड्डे तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
इन दिनों मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू पहुंच रहे हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के कारण वाहनों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात दबाव बढ़ने से जाम की समस्या और गंभीर हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बेहतर स्थिति के लिए टारिंग कार्य जरूरी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो। संवाद