दाखिले के बाद स्कूलों में शुरू हुई नियमित कक्षाएं
अभी भी कई विद्यार्थी लेट फीस के साथ ले रहे दाखिला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सरकारी स्कूलों में 2024-25 का नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है लेकिन अभी भी कई स्कूलों में लेट फीस के साथ विद्यार्थी दाखिला ले रहे हैं। सरकारी स्कूलों में कहीं विद्यार्थियों की संख्या कम हुई है तो कहीं पर बढ़ी है। हालांकि, विभाग की ओर से स्कूल प्रमुखों को सरकारी स्कूलों में घट रही बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए भी कहा गया है। स्कूलों में नए सत्र की अब नियमित रूप से पढ़ाई भी शुरू हो गई है।
सैंज घाटी के तहत आने वाले हाई स्कूल सिंहण की बात करें तो पिछले 2023-24 के शैक्षणिक सत्र में यहां कुल 109 विद्यार्थी थे, जबकि नए सत्र में बढ़कर यह 115 हो गए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शैंशर में पिछले साल 180 विद्यार्थी थे, जो अब बढ़कर 207 हो गए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल गुशैणी में पिछले साल कुल 460 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। इस सत्र में इस स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या अब बढ़कर 462 हो गई है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खराहल में पिछले साल कुल 338 विद्यार्थी थे, जो अब बढ़कर 345 हो गए हैं। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हरिपुर की बात करें तो पिछले साल कुल 320 विद्यार्थी थे, जबकि अभी तक 295 का दाखिला स्कूल में हो चुका है। अभी इस संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही खराहल घाटी के तहत आने वाले हाई स्कूल चंसारी में बच्चों की संख्या में कमी आई है। यहां पर स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई विद्यार्थियों ने साथ लगते स्कूल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खराहल में दाखिला लिया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
दाखिले के बाद स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र पढ़ाई शुरू हो चुकी है। विभाग की ओर से भी सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़े, इसके लिए प्रयास किए गए हैं। -प्रेम ठाकुर, उच्च शिक्षा उप निदेशक कुल्लू