खपत बढ़ने पर बिल भी बढ़ेगा, रोजाना 750 लीटर पानी के उपयोग पर 526 रुपये होगा मासिक बिल
जलशक्ति विभाग ने जारी किया नया टैरिफ, नई दरों को लेकर जागरूक किए जा रहे हैं उपभोक्ता
एकसाथ छह महीने का बिल जारी होने से उपभोक्ता खफा, बोले- विभाग हर महीने जारी करे बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शहर में पानी की खपत के हिसाब से उपभोक्ताओं को पानी की बिल जारी होगा। अगर उपभोक्ता रोजाना 1000 लीटर पानी खर्च करते हैं तो उन्हें 950 रुपये का बिल जारी किया जाएगा।
यानी महीने में 30,000 लीटर पानी खर्च करने पर उपभोक्ता 950 रुपये बिल का भुगतान करेंगे। इससे ज्यादा पानी की खपत करने पर बिल भी अधिक आएगा। इसी तरह रोजाना 750 लीटर पानी का उपयोग करने पर 526 रुपये मासिक बिल जारी होगा।
कुल्लू शहर के लिए जलशक्ति विभाग ने नया टैरिफ जारी कर दिया है। ऐसे में नए टैरिफ के अनुसार अब 1000 लीटर पानी की खपत पर 950 रुपये बिल आएगा। जलशक्ति विभाग इस नियम को लेकर शहर के उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहा है। दरअसल, जलशक्ति विभाग की ओर से जुलाई में छह महीने का बिल एक साथ जारी करने से उपभोक्ताओं के होश फाख्ता हो गए हैं। शहर के लोगों को चार से पांच गुना ज्यादा पानी का बिल आया है। हजारों में बिजली का बिल देखकर उपभोक्ता परेशान हैं। उन्हें यह चिंता सता रही है कि वे एकसाथ कैसे बिल का भुगतान करेंगे। इससे उनका बजट गड़बड़ा जाएगा। कुल्लू शहर में 4,800 उपभोक्ताओं को पानी के बिल जारी किए गए हैं। इनमें 3,534 उपभोक्ताओं का बिल 10,000 रुपये से कम है। 1,266 उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका बिल 3,000 रुपये आया है। उपभोक्ताओं ने विभाग से मांग की है कि पानी का बिल हर माह जारी किया जाए।
पानी के बिल को लेकर नया टैरिफ जारी किया है। उपभोक्ता एक दिन में 1,000 लीटर पानी का उपयोग करते हैं तो उनका महीने का बिल 950 रुपये होगा। इससे ज्यादा पानी खर्च करने पर बिल की राशि में बढ़ोतरी होगी। 750 लीटर पानी रोजाना उपयोग करने पर बिल 526 रुपये मासिक रहेगा। - अमित, अधिशासी अभियंता, जलशक्ति विभाग कुल्लू
व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए अलग रेट किए हैं तय
साल 2017 तक जलशक्ति विभाग 1,000 लीटर पानी की खपत पर 13.36 रुपये बिल लेता था। नियमों के अनुसार हर साल बिल की दरों में दस फीसदी वृद्धि होनी थी। यह साल 2025 तक नहीं की गई। अब सरकार ने नए मानक तय किए हैं। इनके अनुसार प्रतिमाह 20,000 लीटर पानी की खपत पर बिल 19.30 रुपये प्रति हजार लीटर के हिसाब से बिल आएग। 25,000 लीटर पानी खर्चने पर बिल 33.28 रुपये और 30,000 लीटर से अधिक खपत पर 59.90 रुपये बिल आएगा। यह बिल घरेलू उपयोग के तहत हैं। व्यावसायिक के लिए अलग से रेट तय किए गए हैं।
विभाग बोला- उपभोक्ताओं को पहले दी थी जानकारी
जल शक्ति विभाग ने जुलाई में नए टैरिफ के अनुसार बिल जारी किए हैं। इससे हजारों उपभोक्ताओं में विभाग के खिलाफ रोष है। बिल में एकाएक इजाफा होने से परेशानी बढ़ गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को पानी और सीवरेज के बिल में बढ़ोतरी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बिल वितरण से पहले भी उपभोक्ताओं की इसकी जानकारी दी गई थी।