लगघाटी में भूस्खलन के बाद बंद पड़े मार्ग से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल स्कूल छात्र और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पार करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी में 18 घंटों तक मार्ग बाधित रहा। बुधवार को भारी बारिश के चलते लगघाटी सड़क पर भुट्ठी के पास पहाड़ी दरक गई है और बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गईं। जिससे लगघाटी के लोगों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। लोगों को काफी दिक्कतों से सामना करके जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ा। बुधवार रात को बाधित हुए मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने वीरवार दोपहर 12 बजे के बाद बहाल किया।
क्षेत्रवासी हेम सिंह, पूर्ण चंद, राजू, फतेह सिंह, महेंद्र सिंह और दुर्गा ने बताया कि मार्ग अवरुद्ध होने के कारण लोगों को करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना पड़ा। मार्ग बंद होने के कारण लगघाटी के कालंग, तेलंग और भल्याणी रूट की बसों सहित अन्य वाहन फंसे रहे। जिन्हें सड़क बहाल करने के बाद निकाल लिया गया है। इस मार्ग में जगह-जगह भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है।
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण सुबह शहर को होने वाली दूध की सप्लाई देरी से हुई। दूध के बर्तनों को कंधे और पीठ का सहारा लेकर कई किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंचा पड़ा। वहीं, बस्तोरी रूट भी बंद रहा। इस सड़क मार्ग पर भी जगह-जगह भूस्खलन होने से सड़क बाधित हो गई है। आरएम कुल्लू पवन शर्मा ने बताया कि वीरवार दोपहर को मार्ग बहाली के होने के बाद सेवा सुचारु हो गई है। मार्ग पर निगम की बसें सुचारु रूप से चल रही हैं।