मनाली के प्रीणी में आग लगने से लाखों की संपति जलकर राख हो गई है। फोटो--संवाद।
- फोटो : Kullu
मनाली (कुल्लू)। जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी में मनाली के प्रीणी गांव में कॉटेज में आग लगने का मामला सामने आया है। ढाई मंजिला कॉटेज में सोमवार दोपहर 12:30 बजे आग भड़की। इसमें 50 लाख की संपत्ति आग की भेंट चढ़ने का अनुमान है। करीब तीन करोड़ की संपत्ति को जलने से बचाया गया है। जानकारी के मुताबिक प्रीणी गांव में एक निजी कॉटेज में दोपहर के समय आग लगी।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लगा है। कॉटेज से धुआं उठता देख ग्रामीणों ने दमकल विभाग को दूरभाष से सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कॉटेज में लकड़ी का अधिक उपयोग होने के कारण आग तेजी से फैली। इस कारण कॉटेज की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जल गई है।
हालांकि, दमकल विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लगातार बारिश होने से आग पर काबू पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस वजह से ऊपरी मंजिल को जलने से बचाया नहीं जा सका। विपरीत परिस्थिति होने के बावजूद कॉटेज को निचली मंजिल को आग की भेंट चढ़ने से बचाया गया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन किया है।
दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन सूरज शर्मा ने कहा कि प्रणव शर्मा पुत्र रजनीकांत निवासी प्रीणी मनाली के कॉटेज की ऊपरी मंजिल को नुकसान पहुंचा है। निचली मंजिल को जलने से बचाया गया है। अग्निकांड में 50 लाख का नुकसान तथा तीन करोड़ की संपत्ति को बचाया गया है। जानमाल का नुकसान नहीं हुुआ है।
--