फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल पंचायत चुनाव: प्रदेश के सबसे बुजुर्ग 116 साल के खड़कू राम ने बूथ पर जाकर डाला वोट, हौसले को सलाम

Thu, 28 May 2026 06:14 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, जाहू/लदरौर(हमीरपुर)/बिलासपुर।

सार

पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में शतायु मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का अद्भुत उदाहरण पेश किया।
विज्ञापन
116 साल के खड़कू राम ने बूथ पर जाकर डाला वोट। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में शतायु मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का अद्भुत उदाहरण पेश किया। 100 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग कर युवा पीढ़ी को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। हमीरपुर की पंचायत दशमल के वार्ड नंबर दो के 116 वर्षीय खड़कू राम ने गुरुवार को मतदान कर युवाओं को संदेश दिया। दावा किया जा रहा है कि खड़कू राम प्रदेश के सबसे उम्रदराज वोटर हैं। भोरंज के एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बूथ पर पहुंचकर खड़कू राम के हौसले को सराहा। 

विज्ञापन

उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर उनका हालचाल जाना और लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि खड़कू राम जैसे वरिष्ठ नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं। खड़कू राम ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला जाड़ मतदान केंद्र नंबर दो में मतदान किया। उनकी मतदान करने की जागरूकता और उत्साह को देखकर मतदान केंद्र में मौजूद अधिकारी व मतदाता भी प्रभावित हुए। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए हर नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह अपने अधिकार का प्रयोग करें और मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में भागीदार बनें। इस दौरान मतदान केंद्र वार्ड नंबर दो के पीठासीन अधिकारी त्रिलोकचंद डोगरा, मतदान अधिकारी विद्या देवी, निर्मला देवी, प्रवीण कुमार, सुरक्षा कर्मी धर्मपाल उपस्थित रहे। झंडूता की पंचायत सुन्हाणी के वार्ड नंबर दो की 105 वर्षीय मनसा देवी ने भी बूथ पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बिलासपुर की कसारू ग्राम पंचायत की 108 वर्षीय रूपा देवी, दकड़ी पंचायत की 107 वर्षीय मनभरू देवी, हरनोड़ा के 106 वर्षीय संतराम और पंचायत बल्हसीणा की 100 वर्षीय नरैण देई ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।

ऑक्सीजन सिलिंडर के सहारे पहुंचकर वरिष्ठ नागरिक ने निभाया लोकतंत्र का फर्ज

जुखाला क्षेत्र के मतदान केंद्र नलवाड़ में एक वरिष्ठ नागरिक बीमारी के बावजूद ऑक्सीजन सिलिंडर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनकी इस कर्तव्यनिष्ठा ने मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने शतायु और अस्वस्थ बुजुर्ग मतदाताओं के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में उनकी भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है।

दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान में दिखाया उत्साह

पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण में जिला हमीरपुर की 82 ग्राम पंचायतों में गुरुवार को हुए मतदान में दिव्यांग मतदाताओं ने भी काफी उत्साह दिखाया। विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत चकमोह पंचायत के बूथ नंबर पांच पर दिव्यांग आनंद शर्मा ने वोट डाला। वहीं ताल पंचायत के अंतर्गत दिव्यांग प्रीतम चंद ने बूथ धरनासी में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार, जिला के अन्य मतदान केंद्रों पर भी लोगों ने पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

विजयपुर बूथ पर कल परिवार सहित मतदान करेंगे जेपी नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा 30 मई को जिला बिलासपुर के विजयपुर में पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने बताया कि नड्डा राजकीय प्राथमिक पाठशाला विजयपुर स्थित अपने बूथ पर परिवार सहित मतदान करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार वह शुक्रवार शाम करीब छह बजे विजयपुर पहुंचेंगे। अगले दिन 30 मई को वह दिनभर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम को वापस दिल्ली रवाना होंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार जेपी नड्डा का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नड्डा के मीडिया और प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और अधिक से अधिक मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम करती रही है।

कोठी वंडा पंचायत में 105 वर्षीय जमुना देवी ने प्रेरित किए युवा

जवाली विधानसभा क्षेत्र की कोठी वंडा पंचायत में उस समय हर कोई हैरान रह गया, जब 105 वर्षीय जमुना देवी मतदान करने पहुंचीं। उम्र के इस पड़ाव पर भी जमुना देवी का हौसला देखने लायक था और वे पूरे मतदान केंद्र पर आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। वहीं कठियाड़ा पोलिंग बूथ (ग्राम पंचायत मनियाला, वार्ड नंबर-1) में एक अद्भुत दृश्य सामने आया। यहां की रहने वाली 106 वर्षीय बुजुर्ग रतनी देवी ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपने वोट की ताकत दिखाई। मतदान करने के बाद रतनी देवी ने मुस्कुराते हुए कहा कि मतदान करना इस बात का जीता-जागता प्रमाण है कि सक्रिय नागरिकता की कोई उम्र नहीं होती। 
विज्ञापन

जिला शिमला के मसली में 110 वर्षीय बलासु देवी ने किया मतदान

पंचायत चुनाव में बुजुर्गों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान जिला शिमला के मसली वार्ड में 110 साल की बलासु देवी ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं रोहडू़ के ब्रासली में पंचायत में 110 साल की सुरतु देवी ने भी अपने मत का प्रयोग किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें