घायलों में कली देवी की बड़ी बहू प्रोमिला (35) के अलावा शकोर निवासी माला देवी, जयसिंह, बेधार गांव निवासी सवित्रा, अंजू, आयांश, तारा, कमला सिंह और चेत्रू शामिल हैं। तारा और उसके बेटे आयांश की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर स्थित एम्स रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार लोग मतदान करने के बाद ऊझी घाटी के शिरढ़ गांव में आयोजित काहिका मेला देखने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे वाहन हादसे का शिकार हो गया। गाड़ी के गहरी खाई में गिरने की सूचना सबसे पहले कोटलू ग्रां गांव के स्कूली बच्चों ने आसपास के लोगों को दी। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचकर मृतकों और घायलों के परिजनों से मुलाकात की। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।