रोहतांग टनल के साउथ पोर्टल में पहुंचे पर्यटक।-संवाद
पर्यटक स्कीइंग और ट्यूब स्लाइडिंग का खूब ले रहे आनंद
शनिवार को खिली धूप के बीच दिनभर करते रहे मस्ती
रतन कटोच
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। कोकसर के ग्रांफू से आगे 13050 फीट ऊंचा रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद होने के बाद अब ग्रांफू बाईपास स्नो पॉइंट बन गया है।
वीकेंड पर ग्रांफू-बाईपास पर भारी संख्या में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली। सैलानियों ने बर्फ के बीच मस्ती की। सैलानियों ने स्कीइंग के साथ ट्यूब स्लाइडिंग का भी खूब आनंद लिया।
इसके साथ ही बैरियर से आगे तीन किलोमीटर लंबे ऑफ रोड में बाइक राइडिंग का मजा लिया। स्नो पॉइंट में पर्यटकों ने पहाड़ी मैगी, चाय कॉफी और अन्य स्थानीय व्यंजन भी चखे। खिली धूप में सैलानी दिनभर साहसिक खेलों का आनंद उठाते नजर आए। पर्यटकों ने बर्फ के बीच सेल्फी और फोटो भी खिंचवाए। लाहौल की ठंडी फिजाओं के बीच पर्यटक आनंदित नजर आए। दिल्ली से आए पर्यटक अभिनव शर्मा और कनिका ने कहा कि लाहौल के पहाड़ और बर्फ किसी जन्नत के नजारे से कम नहीं है। शाम के समय पर्यटक वापस लौट गए। पर्यटन कारोबारी पवन, दोरजे, सुरेश, रजत और सोनम ने कहा कि वीकेंड पर पर्यटक लाहौल की वादियों में पहुंचे हैं। रविवार को लाहौल में और भी अधिक पर्यटक आएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रांफू-बाईपास पर्यटकों के लिए स्नो पॉइंट बन गया है। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि आने समय में कारोबार और बढ़ेगा।