मनाली के चचोगा पंचायत भवन के शिलान्यास अवसर पर मौजूद महिलाएं।-संवाद
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने किया शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। वशिष्ट पंचायत से कटकर अलग बनी चचोगा पंचायत को जल्द अपना भवन मिलेगा। सरकार ने भवन निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।
मनाली विधानसभा के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने शनिवार को पंचायत भवन का शिलान्यास किया। भवन निर्माण के लिए वन विभाग से 10 बिस्वा भूमि पंचायती राज विभाग के नाम स्थानांतरित हो गई है।
इस भवन को एक साल के भीतर तैयार किया जाएगा। विधायक ने कहा सरकार पूरे प्रदेश में पंचायतों को विकसित करने और आत्मनिर्भर बनाने का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हर क्षेत्र में एक समान विकास कार्य कर रही है। गांव के विकास में महिलाओं का योगदान सराहनीय है। प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसीलिए मनाली विंटर कार्निवल में भाग लेने वाली सभी महिला मंडलों को 30,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। पूर्व की सरकार के समय सिर्फ 10,000 ही दी जाती थी। मनाली भाजपा पर कटाक्ष करते हुए विधायक ने कहा कि चुनावों के नजदीक आते ही ढोलकी और चिमटा बांटने का काम किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम मनाली रमण शर्मा, डीएसपी केडी शर्मा, नगर खंड विकास अधिकारी मुकेश कुमार, पंचायत प्रधान दीक्षा आदि उपस्थित रहे।