बिजली महादेव रोपवे पर पूर्व सांसद ने सदर के विधायक पर किया पलटवार
बोले - प्रोजेक्ट केंद्र का प्रोजेक्ट तो आप क्यों ले रहे दिलचस्पी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बिजली महादेव राेपवे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने बिजली महादेव रोपवे को लेकर सदर के विधायक पर पलटवार किया है।
कुल्लू में प्रेस वार्ता में महेश्वर सिंह ने कहा कि मेरे लिए देव आज्ञा सर्वोपरी है। मरते दम तक बिजली महादेव रोपवे का विरोध होगा। उन्होंने कहा कि मैं कोई ठेकेदार नहीं हूं। देव आस्था से जुड़ा हूं। देवता कोई आदेश देते हैं तो हम उनका अनुपालन करते हैं। इससे पहले रोपवे तलोगी से पेच्छा के लिए लगना था। इसके लिए पंचायत ने एनओसी दी थी। अब बिजली महादेव रोपवे को पिरड़ी से बिजली महादेव तक लगाया जा रहा है। देवता ने साफ तौर पर रोपवे लगाने के लिए इन्कार किया है।
कुल्लू के विधायक कहते हैं कि रोपवे केंद्र का प्रोजेक्ट है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है। अगर यह केंद्र का प्रोजेक्ट है तो आप क्यों दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हर जगह उतावलापन दिखा रहे हैं। इसका मतलब दाल में कुछ काला है। पार्टी एक तरफ है। देव आदेश का पालन होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2023 की आपदा के बाद भुंतर-मणिकर्ण सड़क के लिए 38 करोड़ दिए थे। भुंतर पुल पर पैसा कहां से खर्च किया, इसके बारे में बताना चाहिए। इस दौरान सुनील राणा भी मौजूद रहे।