अस स्टैंड में सुलभ शौचालय के पास लगाए कूड़े के ढेर का निष्पादन शुरू
बिल की अदायगी का विवाद भी खत्म, एचआरटीसी भरेगा साढ़े चार लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। वोल्वो बस स्टैंड में कई महीने से एकत्रित कर रखी गंदगी का निष्पादन शुरू हो गया है। सुलभ शौचालय के पास गंदगी का ढेर पर्यटन नगरी में सरकार के स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियान की पोल खोल रहा था।
एसडीएम रमण कुमार शर्मा के आदेश के बाद एचआरटीसी और नगर परिषद मनाली ने बिल की अदायगी को लेकर चले रहे विवाद को खत्म कर दिया है। एचआरटीसी ने जल्द बकाया बिल का भुगतान करने की हामी भरी है।
गौरतलब है कि वोल्वो बस स्टैंड मनाली में लगभग चार महीने से सुलभ शौचालय के समीप गंदगी एकत्रित की गई थी। नेशनल हाईवे के साथ और बस स्टैंड में इस तरह की अव्यवस्था से मनाली की छवि खराब हो रही थी। अमर उजाला ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एचआरटीसी और नगर परिषद हरकत में आए। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सख्त आदेशों के बाद गंदगी को निष्पादित करने का कार्य शुरू हो गया है। कचरे को पैककर रांगड़ी स्थित कूड़ा संयंत्र केंद्र में ले जाया जा रहा है। अब तक लगभग चार जीप कचरा रांगड़ी पहुंचाया गया है।
एक-दो दिन में वोल्वो बस स्टैंड चकाचक हो जाएगा। नगर परिषद मनाली के कार्यकारी अधिकारी करुण भरमौरिया ने बताया कि एचआरटीसी से वार्ता हो गई है। उन्होंने लगभग चार लाख के बकाया बिल का भुगतान सोमवार तक करने की हामी भरी है। लिहाजा, नगर परिषद ने सफाई शुरू कर दी है।