मौसम खुलते ही कीमतों में उछाल आने से बागवानों को मिली राहत
पहले बारिश और सड़कें बंद होने के कारण दाम गिर गए थे सेब के दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। मौसम खुलते ही कुल्लू घाटी में सेब के दामों में अचानक उछाल आ गया है। इससे बागवानों को बड़ी राहत मिली है। पहले बारिश और सड़क बंद होने के कारण दाम गिर गए थे।
अब बंदरोल सब्जी मंडी सहित अन्य स्थानों पर गाला सेब 140 रुपये प्रति किलो तक बिका है। यह बढ़ोतरी बागवानों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। इससे उन्हें मेहनत का बेहतर मूल्य मिल रहा है। एक दिन पहले यही सेब 80 रुपये प्रतिकिलो तक आ गया था।
रॉयल सेब 95 रुपये, नाशपाती 55, फूलगोभी 15 रुपये, टमाटर 38 और प्लम 60 से 100 रुपये प्रतिकिलो बिका। टमाटर और अन्य सब्जियों के दाम में वृद्धि हुई है। फल और सब्जियों के दाम बढ़ने से बागवानों-किसानों ने राहत की सांस ली है।
घाटी के बागवान अनूप भंडारी, मुनीश, रितेश, कैलाश ठाकुर, देवराज नेगी, रेवत पठानिया और निहाल चंद ने कहा कि मौसम खुलने से सेब और अन्य फलों की कीमतों में इजाफा हुआ है। कुल्लू फलोत्पादक मंडल के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने कहा कि बागवान मंडियों में सेब देखादेखी में न भेजें, बल्कि सेब की गुणवत्ता का ध्यान रखें। अच्छी गुणवत्ता वाले सेब के मंडियों में बेहतर दाम मिलेंगे और कीमतें भी स्थिर रहेंगी। बंदरोल सब्जी मंडी की आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण ठाकुर ने कहा कि मौसम खुलने और सड़कें बहाल होने से सेब के दामों में उछाल आ गया है।