प्रदेश हाईकोर्ट के सख्त आदेशों के बाद वन विभाग ने अवैध कब्जा छुड़वाने की मुहिम तेज कर दी है। मंगलवार को वन विभाग की टीम ने कुल्लू रेंज में आठ मामलों में करीब 50 बीघा वन भूमि से कब्जा छुड़वाया और करीब साढ़े तीन सौ सेब पेड़ की प्रूनिंग की। विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार को वन विभाग की टीम ने अवैध कब्जों के आठ मामलों में कार्रवाई की और कब्जा छुड़वाया। विभागीय टीमों ने वन भूमि को अपने कब्जे में लिया और सेब पेड़ की प्रूनिंग की।
वहीं, तांदला में भी अवैध कब्जे को अपने कब्जे में ले लिया। हाईकोर्ट से सख्त आदेश मिलने पर वन विभाग ने अवैध कब्जों पर कार्रवाई के लिए पूरा फोकस कर लिया है। जिले में वन भूमि पर करीब 1030 अवैध कब्जे हैं। जिनमें सबसे अधिक कुल्लू वन मंडल में हैं। विभाग की ओर से पहले बड़े मामलों पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि जिला में अवैध कब्जे के छोटे मामले अधिक हैं। हाईकोर्ट ने चार सप्ताह में कुल्लू जिला में वन भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के सख्त आदेश जारी किए हैं। जिस पर विभागीय टीम ने सख्ती पर अमल करना शुरू कर दिया है। कोर्ट ने अगली सुनवाई में डीएफओ को भी हाजिर रहने के आदेश दिए हैं। इधर, डीएफओ कुल्लू डॉ नीरज चड्ढा ने बताया कि वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ मंगलवार को टीम ने करीब आठ मामलों में 50 बीघा वन भूमि से कब्जा छुड़वाया। विभाग की कार्रवाई भविष्य में जारी रहेगी।