मनाली-लेह मार्ग पर जिंगजिंगवार में बादल फटने से हाईवे पर आया मलबा।-संवाद
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के जोबरंग गांव के ऊपर से बहने वाले फांडी नाले में रविवार रात करीब 10:00 बजे बाढ़ आने से गांव में अफरातफरी मच गई। बाढ़ से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। नाले का रुख गांव की ओर होने से ग्रामीण चिंतित हो गए हैं। 24 घरों की आबादी वाले गांव जोबरंग के लोगों का कहना है कि अब गांव की सुरक्षा के लिए क्रेटवाल लगाना जरूरी हो गया है।
जोबरंग पंचायत के पूर्व प्रधान सोम देव ने बताया कि रात लगभग 10:00 बजे फांडी नाले में बाढ़ आ गई। ग्रामीण बारिश के बीच टाॅर्च की मदद से सुरक्षित जगह जाने के लिए मजबूर हो गए थे। मामले को लेकर जिला प्रशासन को सूचित किया है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने कहा कि प्रशासन की टीम को नुकसान वाले क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लेने को कहा है।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने लोगों से अपील की है कि ऐसे खराब मौसम के बीच लोग नदी-नालों और ऊपरी इलाकों का रुख न करें। उधर, जाहलमा नाले में रविवार देर शाम आई बाढ़ से चंद्रभागा नदी ने जसरथ गांव के कुछ किसानों की जमीन और लहलहाते खेतों का अपनी जद में लिया है। मनाली-लेह मार्ग पर पड़ने वाले जिंगजिंगबार के समीप बाढ़ से एनएच तीन घंटे तक बंद रहा। सीमा सड़क संगठन ने सड़क बहाल कर लोगों को राहत दी है। एसपी मयंक चौधरी ने कहा कि हाईवे के बंद होने से वाहनों को दारचा के पास ही रोका गया था। संवाद