भुंतर (कुल्लू)। जिले के प्रवेश द्वार भुंतर के पार्क में नगर पंचायत ने कूड़े-कचरे के ढेर लगा दिए हैं। अब बदबू के मारे लोग पार्क आने से कतराने लगे हैं। सुबह-शाम पार्क में घूमने की चाह रखने वाले लोगों को नाक बंद करना पड़ रहा है।
साथ ही पार्क के आसपास क्षेत्र के दुकानदार भी बदबू से परेशान हैं। नगर पंचायत भुंतर को डंपिंग साइट न मिलने से पार्क के एक कोने में कूड़ा कचरा डंप किया जा रहा है। अब शहर में ही कूड़े के ढेर लगना शुरू हो गए हैं। सफाई का ठेका खत्म होने के बाद कूड़ा लेने के लिए वाहन नहीं आ रहा है। इस कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगना शुरू हो गए हैं।
शहर के वार्ड नंबर तीन में बने पार्क में डंप किए जा रहे कचरे के विरोध में लोग उग्र हो गए हैं। सोमवार को स्थानीय दुकानदार और लोगों ने नाराजगी जताई। शहरवासी अधिवक्ता दिनेश गौतम, रामशरन दास, बालक राम, हरि कृष्ण, राजेंद्र, धर्मपाल आदि ने कहा कि शहर के वार्ड नंबर-3 में बने एकमात्र पार्क को नगर पंचायत ने डंपिंग साइट बना दिया है। लोगों को कचरे की बदबू से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण कूड़े से दुर्गंध आ रही है।
मेला ग्राउंड एवं ट्रक यूनियन के साथ जो दुकानें हैं वहां, बदबू ही बदबू है। बैठना तक मुश्किल हो रहा है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। शहर में अगर सफाई का आलम यही रहा तो आने वाले दिनों में हर तरफ गंदगी ही दिखेगी।
.....
शहर में डंपिंग साइट की समस्या है। इस संबंध में उपायुक्त को सूचित किया गया है। जल्द ही डंपिंग साइट की समस्या को सुलझा दिया जाएगा। भुंतर में सफाई व्यवस्था को ठेके पर देने के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
-हर्षित शर्मा, सचिव, नगर पंचायत भुंतर