कुल्लू/पतलीकूहल। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पतलीकूहल में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में पांच नए ट्रेड शुरू होंगे। ये सभी ट्रेड व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित होंगे। इन ट्रेड में युवा शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। ट्रेड की अवधि तीन से पांच महीने के बीच रहेगी। व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर युवा स्वरोजगार को अपना सकेंगे।
आईटीआई में आरंभ होने वाले ये ट्रेड कौशल विकास निगम के तहत करवाए जाएंगे। युवा प्रशिक्षुओं को इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। सभी ट्रेड निशुल्क रहेंगे। युवाओं को घरद्वार के समीप प्रशिक्षण मिलेगा।आईटीआई पतलीकूहल में कौशल विकास निगम ने पांच व्यावसायिक ट्रेड आरंभ करने की अनुमति प्रदान कर दी है।
युवा सीसीटीवी इंस्टॉलेशन तकनीशियन, लाइनमैन डिस्ट्रीब्यूशन, फोर व्हीलर सर्विस तकनीशियन, दो पहिया सर्विस तकनीशियन और सहायक बिजली मीटर रीडिंग बिलिंग और कैश कोलेक्टर कोर्स कर सकेंगे। उपरोक्त कोर्स करने के लिए मनाली, नग्गर, पतलीकूहल, कटराईं, जगतसुख, सरसेई, रांगड़ी आदि क्षेत्रों के युवाओं को कुल्लू की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
कौशल विकास निगम के जिला कुल्लू समन्वयक सुनील कुमार ने कहा कि आईटीआई पतलीकूहल में इस शैक्षणिक सत्र में पांच व्यावसायिक ट्रेड आरंभ किए जाएंगे। ये ट्रेड पूरी तरह से निशुल्क रहेंगे। संवाद