मनाली के अलेउ गांव में धू-धू कर जलता ढाई मंजिला मकान।
- फोटो : Kullu
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के अलेउ गांव में एक ढाई मंजिला मकान में आग लगने से चार कमरों के साथ ऊपरी मंजिल जलकर राख हो गई है। जबकि, मकान की निचली मंजिल में बनाई गई दोनों दुकानों में रखा सामान भी जल गया है। हालांकि, दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर करीब एक बजे अचानक मकान की छत से धुआं उठता देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना लोगों ने अग्निशमन विभाग मनाली को दी। सूचना मिलते ही कुछ मिनटों बाद दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। ऐसे में सड़क सुविधा होने से अग्निशमन विभाग ने न केवल मकान में लगी आग पर काबू पाया बल्कि, साथ लगते कई मकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया है। मनाली अग्निशमन के प्रभारी शेर सिंह और मोहर सिंह ने कहा कि काष्ठकुणी शैली से बने ढाई मंजिला मकान की पहली मंजिल में चार कमरे थे, जो पूरी तरह से जल गए हैं। इसके अलावा मकान में रखा गया अधिकतर सामान भी जलकर स्वाह हो गया है। वहीं तीसरी मंजिल भी आग की चपेट में आ गई।
जाड़े के मौसम में मकान में लगी आग से इसमें गुजर-बसर कर रहे तीन परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। मकान मालिक कौलू राम, रोशन लाल और चमन लाल का करीब दस लाख का नुकसान आंका गया है। जबकि, मकान की निचली मंजिल में दो किराएदारों की दुकानों में दो लाख का सामान जल गया है। वहीं, अग्निशमन विभाग ने करीब एक करोड़ की संपत्ति को बचाने की बात कही है। डीएसपी मनाली शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि मकान में आग कैसे लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि मनाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।