कुल्लू शहर ढालपुर के समीप लाखों रूपये का कबाड़ जलकर राख हो गया है। आग बुझाने में जुटे फायर कर्मी।-?
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर में लाखों के पुराने कपड़ों के स्टॉक (कबाड़) में आग लग गई, जिसके कारण शहर में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम महज तीन मिनट के भीतर घटना स्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
इस अग्निकांड में विभाग ने एक मकान समेत 20 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया है। गनीमत रही की समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे शहर में बड़ा हादसा होने से टला है। जिस स्थान पर पुराने कपड़ों के स्टोर में आग लगी, उसके साथ ही बिजली का ट्रांसफार्मर और राजकीय महाविद्यालय कुल्लू का भवन भी था। बता दें कि 20 से 30 अप्रैल तक जिला मुख्यालय में अंतरराज्जीय पीपल जातर मेला मनाया जाएगा। इस मेले में अस्थायी मार्केट सजाई जाएगी, जिसके लिए बाहरी राज्यों के व्यापारियों ने पुराने कपड़ों का लाखों का स्टॉक लाया था, जो जलकर राख हुआ है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को 03:33 बजे पुराने कपड़ों के स्टोर (कबाड़) में आग लगी। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भीड़भाड़ वाली जिला की मुख्य सड़क से घटना स्थल पर महज तीन मिनट में पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस ने भी घटना स्थल का जायजा लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। दमकल विभाग के लीडिंग फायर मैन सरनपत बिष्ट ने कहा कि अग्निकांड में गुजरात के व्यापारी अतुल कुमार, वीना और रीना कुमारी का करीब डेढ लाख का संयुक्त रूप से पुराने कपड़ों का स्टॉक जला है। कहा कि करीब 20 लाख की संपत्ति को बचाया गया है।