कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते गांधीनगर में जल शक्ति विभाग के कार्यालय के समीप खड़ी टाटा सूमो में आग भड़क गई। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम 4:15 बजे एक टाटा सूमो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी टाटा सूमो को चपेट में ले लिया। इससे धुआं और आग की लपटें उठते देख आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
कुल्लू और भुंतर की तरफ जा रहे वाहनों में सवार लोग भी यहां उतर गए। लोगों ने आग की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन अग्निकांड में टाटा सूमो पूरी तरह से जल गई है। दमकल विभाग फायर ऑफिसर दुर्गा सिंह ने कहा कि वाहन मलाणा निवासी मोती राम पुत्र शुक्रु का है। यह पिछले कई महीनों से गांधीनगर में सड़क किनारे खड़ा था। अग्निकांड की इस घटना में ढाई लाख का नुकसान हुआ है। डेढ़ लाख की संपत्ति को बचाया गया है।
--