जिले में शामिल किए गए हैं 13 स्कूल, पांच साल के लिए मिलेंगे 1.88 करोड़ रुपये
विद्यालयों में जुटाई जाएंगी आधुनिक सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के 13 विद्यालयों में प्रधानमंंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना (पीएम श्री) आरंभ होनी है। योजना के लिए पांच प्राथमिक और आठ वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। योजना के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। अब बजट की स्वीकृति के लिए फाइल शिक्षा निदेशालय शिमला भेजी गई है। यहां से प्रदेश के सभी जिलों की फाइल केंद्र सरकार की स्वीकृति के लिए दिल्ली भेजी जाएगी। योजना के तहत चयनित सभी विद्यालयों को पांच साल के लिए 1.88 करोड़ का बजट प्रदान किया जाएगा। बजट से विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा के साथ हर तरह की मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना में कुल्लू के 13 विद्यालय चयनित हैं। इन विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुल्लू, मौहल, बंजार, मनाली और मंगलौर चयनित हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय सुल्तानपुर (कुल्लू), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक हरिपुर, भुट्ठी, बंजार, सैंज, शैंशर, आनी और निरमंड सूची में शामिल हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को डिजिटल पुस्तकालय, टिंकरिंग प्रयोगशाला, रोबो प्रयोगशाला, हर्बल गार्डन, ग्रीन हाउस, किचन हाउस, स्मार्ट क्लास रूम, ओपन एयर जिम, सोलर पैनल आदि सुविधाएं रहेंगी।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के उपप्रधानाचार्य एवं पीएम श्री योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अमित मेहता ने कहा कि पीएम श्री योजना में शामिल पांच प्राथमिक और आठ वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को पांच साल के लिए केंद्र से 1.88 करोड़ का बजट मिलेगा। इस बजट की पहली किस्त के लिए योजना तैयार कर दी गई है। फाइल स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। संवाद