भुंतर की तीन पंचायतों के किसानों की फसलों को पहुंच रहा नुकसान
जल शक्ति विभाग के प्रति किसानों ने जताया रोष, पिछले साल बाढ़ में योजना को पहुंचा था नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। जिले की तहसील भुंतर की तीन पंचायतों भूईन, बशौणा और नरैश को उठाऊ सिंचाई योजना से पानी नहीं मिल रहा है। इससे सभी पंचायतों में खेत प्यासे हैं। फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इस कारण किसानों में जलशक्ति विभाग के खिलाफ रोष है।
उठाऊ सिंचाई योजना से बशौणा, तुनीसेरी, रोपा सेरी, बरशोगी, बगीचा, भाटग्रां के लिए पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सूखे जैसे हालात में किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। फसलेें खराब होने से किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। उठाऊ सिंचाई योजना किसान संघ बशौणा के प्रधान संजय ठाकुर, उपप्रधान हरदयाल, किसान जितेंद्र सिंह, रोहित, राहुल, विजय, होत राम, हरवंश, प्रेम सिंह आदि ने कहा कि पिछले साल आपदा में बाढ़ आने के बाद मोटर खराब होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया है, लेकिन इसे अभी तक ठीक नहीं किया गया है। एक साल का समय बीत गया है, लेकिन योजना सुचारु रूप से नहीं चल पा रही है। सिंचाई योजना से पानी न मिलने से किसानों को घाटा उठाना पड़ रहा है, इसलिए अधिकारी मौका करने के बाद समस्या का जल्द निपटारा करें।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता इंद्र ठाकुर ने कहा कि बरसात के कारण नदी के पास पाइप टूट गई थी। एक-दो दिनों में पानी लिफ्ट किया जाएगा। संवाद