कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव शुक्रवार से शुरू हो रहा है। देवी-देवताओं के दर्शनों के लिए सैकड़ों लोग ढालपुर मैदान आएंगे। ऐसे में ट्रैफिक जाम की समस्या से न जूझना पड़े। इसके लिए नो पार्किंग जोन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था बनाने के संबंध में आदेश जारी हुए हैं।
न्यायालय परिसर से ढालपुर चौक प्वांइट-दो, उपायुक्त कार्यालय, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से कॉलेज चौक तक के मार्ग को सुबह आठ बजे से रात्रि 11 बजे तक नो पार्किंग जोन अथवा टो-अवे जोन घोषित किया गया है। कॉलेज चौक से भुट्टी चौक तक सर्कुलर रोड भी नो पार्किंग जोन होगा। भुंतर से कुल्लू की ओर आने वाली बसें कॉलेज चौक पर नहीं रूकेंगी। सभी बसें कॉलेज चौक पर दाईं ओर मुड़ने के बाद ही पशु मैदान यात्रियों को उतारेगी अथवा चढाएंगी। इसके बाद क्षेत्रीय अस्पताल होते हुए कोर्ट कांपलेक्स, ढालपुर चौक-दो से होते हुए बस स्टेंड सरवरी के लिए रवाना होंगी। इसके साथ मौहल से से कुल्लू, कुल्लू से रामशिला गैमन पुल तक, परिधि गृह मार्ग, खंड विकास अधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कालेज गेट से लेकर भगवान रघुनाथ के कैंप तक सड़क को जलेब के दौरान नो पार्किंग अथवा टो-अवे जोन घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सड़क में अपने वाहन पार्क न करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही भगवान रघुनाथ के सुल्तानपुर से ढालपुर आने तक के मार्ग को खाली रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने पर वाहनों को जब्त किया जाएगा। इस बार दशहरा में व्यापारिक गतिविधियां नहीं हो रही है। इसलिए यातायात व्यवस्था में इस बार अधिक बदलाव नहीं किए गए हैं।