आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने करवाई योग क्रियाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। आयुष विभाग की टीम ने सहारा वृद्धाश्रम क्लाथ में बुजुर्गों और महिलाओं को योग से निरोग रहने की जानकारी दी। योग प्रशिक्षकों ने रविवार को बुजुर्गों और महिलाओं को योग भी करवाया। उन्हें योग क्रियाएं सिखाईं। योग करने का प्रशिक्षण भी दिया, ताकि बुजुर्ग एवं महिलाएं निरोग और तनावमुक्त यापन कर सकें।
जिले में आयुष पद्धति से उपचार करवाने और तनावमुक्त रहने के लिए लोग आयुर्वेद को तरजीह दे रहे हैं। आयुष विभाग भी लोगों को आयुर्वेद से लाभान्वित करने के लिए योजनाओं के तहत कार्य कर रहा है। इन दिनों वेलनेस केंद्रों के अलावा पंचायत स्तर भी योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सहारा वृद्धाश्रम क्लाथ में योग और ध्यान पर शिविर का आयोजन किया गया। आश्रम की संचालिका अनिता ने कहा कि आयुष विभाग ने बुजुर्गों और महिलाओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए शिविर लगाया। इसका लाभ बुजुर्गों और महिलाओं को मिलेगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. हरीश भारद्वाज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जिले के हर क्षेत्र में योग शिविर लगाने की योजना है। संवाद