कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में खुला ऑनलाइन पर्ची कांउटर। फोटो--संवाद।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिले में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए ऑनलाइन पर्ची बनाने की सुविधा से काफी राहत मिली है। पहले मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता था, लेकिन अब इस सुविधा से मरीजों को लाभ मिल रहा है। यह पर्ची मोबाइल की मदद से बनाई जा रही है। तीन दिन में अब तक 400 मरीजों और उनके तीमारदारों ने ऑनलाइन पर्ची सेवा का लाभ उठाया है।
पहले मरीजों ने अस्पताल की वेबसाइट पर पंजीकरण करवाया और फिर अस्पताल में आकर पर्चियां लीं। मरीजों को सीधे संबंधित ओपीडी में चिकित्सक जांच के लिए भेजा गया। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में यह सेवा मंगलवार से शुरू हुई है। हालांकि, कुछ मरीजों ने अस्पताल में बैठकर ही पर्ची बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया। इसके बाद उनकी पर्चियां काटी गईं। अस्पताल में एक कर्मचारी को ऑनलाइन पंजीकरण काउंटर में सुबह आठ बजे से ही बैठा दिया था। वह मरीजों की पर्ची एडवांस में बना रहा था।
--
पढ़े-लिखे लोग ज्यादा ले रहे फायदा
जिले में पढ़े-लिखे लोग ऑनलाइन पर्ची सेवा का ज्यादा लाभ ले रहे हैं। गांव के लोगों की मदद कर उनकी पर्ची भी फोन के माध्यम से बनवा रहे हैं। हालांकि, कुछ लोगों को वेबसाइट पर आवेदन करने में अभी भी परेशानी हो रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने ऑनलाइन वेबसाइट को आसान बनाया है।
--
लोगों को नहीं जानकारी, जागरूक कर रहा विभाग
जिले के दुर्गम और अन्य क्षेत्रों के मरीजों को ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी नहीं है। मरीज अस्पताल पहुंचकर पर्ची काउंटर के बाहर कतारों में खड़े हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग अस्पताल आ रहे मरीजों को ऑनलाइन पंजीकरण सेवा को लेकर जागरूक कर रहा है।
--
लोग ऑनलाइन करवा रहे पंजीकरण : एमएस
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के एमएस डॉ. नरेश चंद ने बताया कि तीन दिन में 400 मरीजों और उनके तीमारदारों ने पर्ची बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। इसका लोगों को फायदा मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक भी कर रहा है।
--